हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल की महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने आज धनबाद मंडल के प्रधानखांटा–सिंदरी मार्शलिंग यार्ड–सिंदरी टाउन–पाथरडीह–धनबाद रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर बनाने के साथ-साथ आधारभूत संरचना से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था तथा रेलवे की आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानखांटा से सिंदरी मार्शलिंग यार्ड के बीच चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, महाप्रबंधक ने सिंदरी मार्शलिंग यार्ड एवं पाथरडीह वैगन डिपो का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और परिचालन संबंधी सुविधाओं का अवलोकन किया।
इस निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित धनबाद मंडल एवं पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


