मामला दर्ज होते ही एमडीओ कंपनी पर भी कार्रवाई की तैयारी, सुशी कंपनी पर पुलिस के वर्दी पहन के गुर्गे से अवैध बालू खनन परिवहन कराने का आरोप
शैलेश सिंह
चतरा: टंडवा प्रखंड के उड़सू बड़की नदी में अवैध रूप से बालू खनन एवं परिवहन के मामले में टंडवा अंचल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। टंडवा के सिंघम सीओ गौरव कुमार के निर्देश पर अंचल टीम द्वारा की गई जांच के बाद अवैध बालू खनन एवं परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा हिताची पोकलेन मशीन के मालिक और चालक के विरुद्ध टंडवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अंचल टीम द्वारा बताया गया उड़सू बड़की नदी क्षेत्र में पोकलेन मशीन लगाकर बालू का अवैध खनन एवं परिवहन किए जाने की शिकायत के बाद अंचल प्रशासन ने मामले की जांच की। जांच में संबंधित टंडवा क्षेत्र में बालू खनन एवं परिवहन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित मशीन के मालिक और चालक के खिलाफ कानूनी कदम उठाया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने टंडवा सिंघम सीओ की पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया। प्रखंडवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ऐसी सख्त कार्रवाई जरूरी है।
एमडीओ कंपनी पर भी कार्रवाई की उम्मीद
इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में एमडीओ कंपनी सुशी पर भी शिकंजा कसने की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि प्रशासन अवैध खनन से जुड़े अन्य मामलों में आगे क्या कदम उठाता है। अवैध बालू खनन पर प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


