चंडीगढ़ में आयोजित हुआ निवेशक सम्मेलन, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रमुख उद्योगपतियों एवं कारोबारियों से किया सीधा संवाद
चंडीगढ़: बिहार में निवेश आकर्षित करने की पहल को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों तक पहुंचाते हुए बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से चंडीगढ़ में निवेशक सम्मेलन का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन का संचालन उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार प्रगतिशील नीतिगत सुधारों, निवेशकों के लिए अनुकूल प्रोत्साहन योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास और बेहतर कारोबारी माहौल के माध्यम से एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य का विशेष जोर निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदलने, रोजगार सृजन और सतत आर्थिक विकास को गति देने पर है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में नए निवेश स्थलों और कारोबार विस्तार की संभावनाएं तलाशने को लेकर उद्योग जगत की रुचि लगातार बढ़ रही है। उन्होंने राज्य की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, क्षेत्रवार प्रोत्साहन योजनाओं, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, सरल स्वीकृति प्रक्रिया और निवेशकों को मिलने वाले संस्थागत सहयोग की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ निवेशक सम्मेलन उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने, उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं को समझने और उन्हें बिहार में उपलब्ध निवेश के अवसरों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने संभावित निवेशकों से बिहार को अपनी आगामी औद्योगिक परियोजनाओं और कारोबार विस्तार के लिए एक प्रमुख विकल्प के रूप में अपनाने की अपील की।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने निवेश सुविधा तंत्र को और मजबूत बनाने तथा बिहार में निवेश करने की इच्छुक कंपनियों को बेहतर और निर्बाध कारोबारी अनुभव उपलब्ध कराने के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक आधारभूत संरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास, नियामकीय प्रक्रियाओं में सुधार और विभिन्न क्षेत्रों में नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग संभावित निवेशकों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं को समझने और निवेश प्रस्ताव से लेकर परियोजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर बिहार फाउंडेशन के पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह तथा मोंटे कार्लो फैशंस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं ओसवाल वूलन मिल्स लिमिटेड के निदेशक ऋषभ ओसवाल ने भी अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए।
उन्होंने बिहार के औद्योगिक एवं विनिर्माण क्षेत्रों में विस्तार की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य का बदलता औद्योगिक परिदृश्य, निवेश प्रोत्साहन नीतियां और आधारभूत संरचना का विकास उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने निवेशकों के दृष्टिकोण से नीतिगत सहयोग, प्रशासनिक समन्वय और उद्योगों के अनुकूल कारोबारी वातावरण के महत्व पर भी जोर दिया।
सम्मेलन में औद्योगिक क्षेत्र के 150 से अधिक प्रतिनिधियों, उद्यमियों और प्रमुख कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें टाइनोर ऑर्थोटिक्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पी. जे. सिंह, नाहर इंडस्ट्रियल एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कमल ओसवाल, यूकोडसॉफ्ट के प्रख्यांत एस., सूर्या के गौतम शर्मा, सीआईआई चंडीगढ़ के पूर्व अध्यक्ष मनीष गुप्ता, रॉयल स्टील के नरेश कुमार, मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, डायनेमिक सुपरप्लास्टिक इंडस्ट्रीज, सीएसआईओ चंडीगढ़, नेटफ्रुक टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान पॉली फैब, त्रिग्या एजुवेंचुरा, मोहाली आईटी पार्क आईटी कंपनीज एसोसिएशन, चीमा बॉयलर्स, सन फार्मा, हिंद टर्मिनल्स, स्प्रे इंजीनियरिंग डिवाइसेज लिमिटेड, ब्लैकस्टोन इंडस्ट्रीज, राजेश धीमान और ईएसआर-राजपुरा सहित कई प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे।
चंडीगढ़ में आयोजित यह निवेशक सम्मेलन बिहार उद्योग विभाग की ओर से बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 – ग्लोबल बिजनेस समिट से पहले चलाए जा रहे निवेश संपर्क अभियान और रोड शो कार्यक्रमों का हिस्सा है। यह वैश्विक व्यापार सम्मेलन 17 और 18 फरवरी, 2027 को आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन का उद्देश्य देशभर के प्रमुख उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों से संपर्क स्थापित करना, बिहार के विस्तारित होते औद्योगिक इकोसिस्टम को प्रदर्शित करना तथा राज्य में सार्थक कारोबारी साझेदारियों को प्रोत्साहित करना है।
बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 निवेशकों, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा, जहां राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं और संभावित औद्योगिक साझेदारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
निवेशकों के साथ निरंतर संवाद, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सहयोग और निवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के साथ बिहार देश के औद्योगिक समुदाय को राज्य की औद्योगिक विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनने के लिए आमंत्रित कर रहा है।


