मंडरो रेंज क्षेत्र में वन विभाग की छापेमारी, जलेबी लकड़ी के बोटा समेत स्वराज 735 FE ट्रैक्टर जब्त
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : जिले में अवैध लकड़ी के कटान एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए मंडरो रेंज क्षेत्र में लकड़ी लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। यह कार्रवाई दिहारी से मिर्जाचौकी स्थित एक आरा मिल की ओर जा रहे ट्रैक्टर के विरुद्ध की गई। जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने हाजीपुर मोड़ से आगे ट्रैक्टर को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर अवैध रूप से काटी गई जलेबी लकड़ी के बोटा लदे पाए गए। इसके बाद विभागीय टीम ने लकड़ी समेत स्वराज 735 FE ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।
जब्त ट्रैक्टर एवं लकड़ी को वन प्रमंडल कार्यालय, साहिबगंज लाया गया है। मामले में वन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई का नेतृत्व मंडरो-मिर्जाचौकी क्षेत्र के उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित कुमार झा ने किया। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


