मधुपुर महाविद्यालय में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत

Lok Bimb
3 Min Read
madhupur mahavidyalaya mein navpraveshi chhatron ka bhavya swagat

 ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति और शैक्षणिक व्यवस्था से कराया गया परिचय

 मधुपुर : मधुपुर महाविद्यालय में गुरुवार को यूजी सेमेस्टर-1 (सत्र 2026-30) के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए सेमिनार हॉल में भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कला संकाय के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी विभाग के सैकड़ों नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुआ। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती ने सभी विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के साथ नई जिम्मेदारियाँ भी लेकर आई है। ऐसे में अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ आगे बढ़कर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भरपूर लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम का विस्तृत प्रस्तुतीकरण अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष होरेन हाँसदा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, विभिन्न समितियों, छात्र सुविधाओं, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा महाविद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थिति, समयबद्ध अध्ययन और व्यक्तित्व विकास के महत्व से भी अवगत कराया। इसके बाद वाणिज्य विभागाध्यक्ष रंजीत कुमार प्रसाद ने प्रश्नोत्तर सत्र का संचालन किया। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने अपनी शंकाएँ रखीं, जिनका शिक्षकों द्वारा सरल एवं संतोषजनक समाधान किया गया। कार्यक्रम में सभी विभागों के शिक्षकों का परिचय भी विद्यार्थियों से कराया गया, जिससे वे महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित हो सकें। कार्यक्रम में दर्शनशास्त्र विभाग के फोदो सोरेन, इतिहास विभाग के महेंद्र एक्का, राजनीति विज्ञान विभाग के प्रेम रोशन एक्का, हिन्दी विभाग की संगीता कुमारी, डॉ. अनुसुइया कुमारी, डॉ. मनीषा मधु बिलुंग, डॉ. श्वेता शहदेव सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। सैकड़ों नवप्रवेशी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के बीच आयोजित यह कार्यक्रम धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article
Leave a Comment