सरायकेला-खरसावां पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 3 हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, लूटे गए हथियार बरामद

Lok Bimb
4 Min Read
sarayakela-kharsavan police ko mili badi safalta, 3 hardcore naksali girftar, loote gaye hathiyar baramad

कांड्रा थाना क्षेत्र में संयुक्त अभियान, दलमा पहाड़ से मिला पुलिस से लूटा गया इंसास राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद

सोनू कुमार सिंह

सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां: नक्सलवाद के खिलाफ सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान में भाकपा (माओवादी) के 3 कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सब जोनल कमिटी का एक सदस्य, एक रीजनल कमिटी सदस्य और एक महिला सब जोनल कमांडर शामिल है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामला है –

दिनांक 04-08-2026 को वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना अंतर्गत ग्राम-उदयपुर के एक घर में कुछ उग्रवादी संगठन के लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही झारखण्ड पुलिस, 203-कोबरा बरही, 134 बटालियन सीआरपीएफ दुगुनी, 26 वाहिनी एसएसबी राँची के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया गया।

वहीं गांव की घेराबंदी कर संदिग्ध घर से भाकपा (माओवादी) के सब जोनल कमिटि सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन सिंह उर्फ सागर उर्फ छोटा विजय (28 वर्ष), पिता-राम सिंह उर्फ फौजी सिंह, सा०-टेंगाडीह, टोला-बेनाडीह, थाना-नीमडीह को लोडेड AKM-47 रायफल, गोली, वाकी-टॉकी के साथ पकड़ा गया।

गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ के बाद चाण्डिल थाना अंतर्गत कान्दरबेडा से रीजनल कमिटी सदस्य सह बंगाल-झारखण्ड-उड़िसा सीमान्त कमिटी के सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो (54 वर्ष) को लोडेड 9mm पिस्टल के साथ और सब जोनल कमाण्डर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (26 वर्ष), पति-रवि सिंह सरदार, सा०-घाटबेड़ा, थाना-बलरामपुर, जिला-पुरुलिया को 7.62mm की गोली और कोडेक्स वायर के साथ गिरफ्तार किया गया। मीना पहाड़िया गिरफ्तार नक्सली रवि सिंह सरदार की पत्नी है।

तीनों की निशानदेही पर चाण्डिल थाना अंतर्गत ग्राम-आसनबनी के ऊपर दलमा पहाड़ से छुपाकर रखा हुआ पुलिस बल से लूटा हुआ एक मैगजीन लगा इन्सास रायफल, AKM-47 के 208 जिंदा गोली और कोडेक्स वायर बरामद किया गया।

गिरफ्तार नक्सलियों ने स्वीकारा –

कुकडू हत्याकांड में शामिल थे
पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे पूर्व में दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे। हाल के दिनों में सारंडा क्षेत्र में पुलिस के दबिश के कारण वे इस क्षेत्र में बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए भ्रमणशील थे। इन्होंने कुकडू में पुलिस बल की हत्या कर हथियार लूट की घटना सहित दलमा क्षेत्र में घटित सभी नक्सली घटनाओं में शामिल रहने की बात स्वीकार की है।

इस संबंध में कांड्रा थाना कांड सं-

01 दिनांक 05.08.2026, धारा 221/190(3)191(2)191(2)61/352(2)351/132 BNS-2023 एवं 1)25A)/25(1-B)a/25(6)/26/35 आर्म्स एक्ट एवं 17 CLA Act एवं 18/13/10 UAP Act एवं 4/3 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बरामदगी-
पुलिस ने कुल 12 सामान बरामद किए हैं जिसमें AKM-47 रायफल-01, AKM-47 का मैगजीन-02, AKM-47 की जिंदा गोली-361, इन्सास रायफल-01, मोटोरोला कंपनी का वाकी-टॉकी-01, पुलिस का काला नेवार बेल्ट-01, टॉर्च-01, छाता-01, 9mm पिस्टल-01, 9mm की जिंदा गोली-42, कोडेक्स वायर (विस्फोटक)-03 बंडल और एक पल्सर मोटरसाईकिल शामिल है।

छापामारी दल को सलाम –

इस साहसिक और सफल अभियान में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गियारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला श्री अनुभव भारद्वाज, उप समादेष्टा 26 वाहिनी SSB राँची श्री शक्ति सिंह, उप समादेष्टा कोबरा-203 मो0 आरीफ के साथ कांड्रा, चाण्डिल, नीमडीह, गम्हरिया थाना प्रभारी और झारखण्ड जगुआर, SSB, कोबरा-203 के सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।

सरायकेला-खरसावां पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे जिले में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और नक्सलियों में दहशत है। पुलिस की तत्परता, सटीक सूचना तंत्र और संयुक्त कार्रवाई काबिले तारीफ है।

Share This Article
Leave a Comment