मेहंदी गांव में आपसी कहासुनी के बाद हुई वारदात, मुख्य आरोपी ने सिर के पिछले हिस्से पर किया था पत्थर से वार; पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों को भेजा न्यायिक हिरासत में
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहंदी गांव में आपसी कहासुनी के बाद पत्थर से मारकर एक पहाड़िया युवक की हत्या कर दी गई। घटना 28 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मिथुन पहाड़िया के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आपसी कहासुनी और मारपीट के बीच वारना हाँसदा ने पत्थर से मिथुन पहाड़िया के सिर के पिछले हिस्से पर प्रहार कर दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सोनी मालतो के लिखित आवेदन के आधार पर तालझारी थाना में कांड संख्या 186/2026, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वारना हाँसदा (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय दानियल हाँसदा, निवासी मेहंदी पोखर, थाना तालझारी; बेटका किसकु (करीब 19 वर्ष), पिता स्वर्गीय मांझी किसकु, निवासी मेहंदी पोखर, थाना तालझारी; तथा वीरधन सोरेन (करीब 19 वर्ष), पिता स्वर्गीय भागवत सोरेन, निवासी बांसकोला, थाना तालझारी शामिल हैं।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
पुलिस की छापेमारी टीम में राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की।


