पोकलेन मशीन से जमीन का कराया जा रहा समतलीकरण, जांच कर कार्रवाई करने की उठी मांग
तालझारी : तालझारी प्रखंड क्षेत्र के सकरीगली स्थित जमनी पहाड़ के पास सरकारी जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग के जरिए जमीन बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफियाओं द्वारा पोकलेन मशीन चलाकर जमीन का समतलीकरण कराया जा रहा है। इसके बाद जमीन को छोटे-छोटे प्लॉट में बांटकर बेचने की तैयारी की जा रही है। मामले की जानकारी मिलने पर लोक बिम्ब न्यूज़ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित जमीन को सरकारी बताया जा रहा है। आरोप है कि जमीन को समतल कर प्लॉटिंग के माध्यम से बिक्री करने की कोशिश की जा रही है। यदि सरकारी जमीन पर इस तरह अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो इससे सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग की आशंका है।
जांच के बाद हो कार्रवाई
सरकारी जमीन पर कथित रूप से हो रहे समतलीकरण और प्लॉटिंग के मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रशासन से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि जमीन के स्वामित्व की जांच कराई जाए और यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या बिक्री की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। क्षेत्र में सरकारी जमीन की सुरक्षा और भू-माफियाओं की कथित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की सक्रियता जरूरी है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जांच के बाद क्या कदम उठाते हैं।


