शैलेश सिंह
चतरा: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की आम्रपाली कोल परियोजना ने कोयला उत्पादन, विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक और उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बेहतर कार्य निष्पादन के लिए आम्रपाली परियोजना को कोल इंडिया की ओर से 5 स्टार रेटिंग अवार्ड से नवाजा गया है। इस उपलब्धि के लिए आम्रपाली के महाप्रबंधक संजीव कुमार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित वार्षिक समारोह में कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह सहित कोल इंडिया एवं सीसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। आम्रपाली परियोजना को मिली इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं, सम्मान प्राप्त करने के बाद महाप्रबंधक संजीव कुमार ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्मियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं बेहतर कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कोयला उत्पादन, परियोजना विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य जारी रखने की बात कही। आम्रपाली परियोजना को मिली यह उपलब्धि सीसीएल के साथ-साथ कोयलांचल क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।


