मुख्य सचिव ने जेसोवा के जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की, कहा—मेले का उद्देश्य मुनाफा नहीं, जरूरतमंदों की मदद करना है

Lok Bimb
5 Min Read

मौसम को देखते हुए अब 3 नवंबर को होगा जेसोवा दीपावली मेला 2026 का समापन

रांची: झारखंड के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार ने झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (JIASOWA) यानी जेसोवा द्वारा सामाजिक सरोकारों और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दीपावली मेले का उद्देश्य केवल व्यापार और मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की आर्थिक मदद करना, समाज के वंचित वर्गों के कल्याण को बढ़ावा देना तथा कला-संस्कृति का संरक्षण करना भी है।

मुख्य सचिव गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जेसोवा दीपावली मेला 2026 के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विशेष बच्चों सहित अन्य बच्चों की प्रतिभा निखारने, उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए जेसोवा द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि संगठन की पहल शिक्षा के प्रसार, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, कला-संस्कृति के संरक्षण और समाज के समग्र विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मुख्य सचिव ने कहा कि जेसोवा का दीपावली मेला देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों, कारीगरों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देता है। यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की जनहितकारी पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजकों से इन प्रयासों को निरंतर जारी रखने की अपील की। साथ ही मेले के सफल संचालन के लिए तत्परता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने तथा स्टॉल संचालकों, कलाकारों और आगंतुकों के हितों का ध्यान रखने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से मेला सफल होगा और यहां आने वाले लोग सुखद अनुभव लेकर लौटेंगे।

पुस्तकालयों के विकास के लिए तीन जिलों को 15-15 लाख रुपये

शिक्षा को बढ़ावा देने और जिलों में अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेसोवा ने चाईबासा, देवघर और दुमका के पुस्तकालयों के विकास के लिए सहयोग राशि प्रदान की। प्रत्येक जिले को 15-15 लाख रुपये दिए गए।

इस सहायता से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने, ज्ञान एवं कौशल विकसित करने और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चों को संगीत की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए श्रेयशी बनर्जी को 96 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। वहीं, बच्चों में कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आर्ट एंड क्राफ्ट के क्षेत्र में स्वास्तिका बनर्जी को भी 96 हजार रुपये दिए गए।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर सरकारी योजनाओं की जानकारी

दीपावली मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल के माध्यम से आम लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यहां सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्र-पत्रिकाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही योजनाओं पर आधारित लघु फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन एलईडी टीवी के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

बारिश के बावजूद मेले में उत्साह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

बारिश के बावजूद जेसोवा दीपावली मेले में लोगों का उत्साह बना रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सितार और सरोद की जुगलबंदी, सुगम संगीत तथा नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कठपुतली शो भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

3 नवंबर को होगा दीपावली मेले का समापन

जेसोवा की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति कुमार ने बताया कि मौसम की स्थिति और बारिश की संभावना को देखते हुए दीपावली मेला 2026 के समापन की तिथि में बदलाव किया गया है। मेले में भाग ले रहे वेंडर्स को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाने के उद्देश्य से अब मेले का समापन 2 नवंबर के बजाय 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment