राजस्व संग्रहण को मजबूत करने और कर चोरी पर अंकुश लगाने के लिए छह माह में विकसित होगी इंटीग्रेटेड रेवेन्यू इंटेलिजेंस सिस्टम (IRIS)
वित्त एवं वाणिज्य-कर मंत्री राधाकृष्ण किशोर की उपस्थिति में च्वाइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुआ समझौता
रांची: झारखंड में राजस्व संग्रहण की क्षमता बढ़ाने, राजस्व हानि पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और विभिन्न राजस्व संग्रहण करने वाले विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में वाणिज्य-कर विभाग की CT-MIS परियोजना के तहत निविदा प्रक्रिया के माध्यम से चयनित नए सिस्टम इंटीग्रेटर च्वाइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ गुरुवार को एकरारनामा संपन्न हुआ। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में वित्त एवं वाणिज्य-कर मंत्री राधाकृष्ण किशोर की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जीएसटी सुधारों, मनरेगा के अंतर्गत अनुदान में कमी तथा MMDR अधिनियम के कारण झारखंड को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य सरकार इन परिस्थितियों से निपटने और आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए अपने संसाधनों से राजस्व संग्रहण बढ़ाने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच और दूरदर्शी नेतृत्व के अनुरूप राज्य में राजस्व सृजन की संभावनाओं को विकसित करने तथा राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह पहल की गई है। इसके तहत वाणिज्य-कर विभाग विभिन्न राजस्व संग्रहण करने वाले विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठा रहा है।
मंत्री ने कहा कि यह एकरारनामा झारखंड के राजस्व तंत्र को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वाणिज्य-कर विभाग की ओर से इस पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे राज्य के राजस्व प्रशासन को तकनीक आधारित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
केंद्र की आर्थिक नीतियों से झारखंड को लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की क्षति का दावा
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दावा किया कि केंद्र की आर्थिक नीतियों के कारण झारखंड को लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हो रही है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य को खनन गतिविधियों के कारण प्रदूषण, वन क्षेत्रों और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा खनिजों के परिवहन से राज्य की सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है।
मंत्री के अनुसार, इन प्रतिकूल प्रभावों से निपटने के लिए राज्य सरकार को अपने संसाधनों का उपयोग करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि MMDR अधिनियम के कारण राज्य को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हो रही है, जबकि जीएसटी सुधारों और मनरेगा के अंतर्गत अनुदान में कमी से लगभग चार-चार हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में राज्य के लिए अपने स्तर पर राजस्व संग्रहण बढ़ाना आवश्यक है। वाणिज्य-कर विभाग ने इस दिशा में तैयारी कर ली है और गुरुवार को हुआ समझौता राज्य के राजस्व संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।
छह माह में विकसित होगी IRIS प्रणाली
वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव अमित कुमार ने परियोजना की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि नए सिस्टम इंटीग्रेटर के माध्यम से इंटीग्रेटेड रेवेन्यू इंटेलिजेंस सिस्टम (IRIS) विकसित की जाएगी। इसके तहत राज्य सरकार के राजस्व संग्रहण से जुड़े विभिन्न विभागों के आईटी एप्लीकेशन और ऑनलाइन पोर्टल को आपस में जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के ऑनलाइन पोर्टल से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करने के लिए बिजनेस इंटेलिजेंस (BI) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स का उपयोग किया जाएगा। इससे विभिन्न प्रकार के करों में संभावित कर अपवंचन और राजस्व हानि की पहचान करने तथा उनकी निगरानी करने में मदद मिलेगी।
IRIS प्रणाली से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित विभाग नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे। इससे राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी, विभागों के बीच समन्वय बढ़ेगा और राजस्व हानि पर नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
विभिन्न विभागों के ऑनलाइन पोर्टल का होगा API इंटीग्रेशन
अमित कुमार ने बताया कि IRIS प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों के ऑनलाइन पोर्टल का API इंटीग्रेशन किया जाएगा। इसके तहत GSTN API को खान एवं भूतत्व विभाग के JIMMS पोर्टल से, परिवहन विभाग के VAHAN पोर्टल को संबंधित राजस्व प्रणालियों से तथा कार्य विभागों और आईटी विभाग के WAMIS पोर्टल को भी प्रणाली से जोड़ने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा राजस्व विभाग के भूमि पंजीकरण पोर्टल, नगर विकास विभाग के प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल और श्रम विभाग के लेबर सेस पोर्टल को भी एकीकृत किया जाएगा। VAT पोर्टल को परिवहन विभाग के VAHAN पोर्टल और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के राजस्व पोर्टल से जोड़ने की योजना है।
इसी तरह JPT पोर्टल को नगर विकास विभाग के ट्रेड लाइसेंस पोर्टल तथा JED पोर्टल को ऊर्जा विभाग के बिजली बिल पोर्टल से एकीकृत किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, IRIS प्रणाली का विकास छह माह में पूरा किया जाएगा। इसके बाद आगामी तीन वर्षों तक इसका क्रियान्वयन किया जाएगा।
राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और प्रभावी
कार्यक्रम में च्वाइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सुभाष पाठक ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तावित IRIS प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी संरचना और क्रियान्वयन संबंधी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के डेटाबेस और ऑनलाइन पोर्टल के एकीकरण से राजस्व संबंधी सूचनाओं का समेकित विश्लेषण संभव होगा। इससे संभावित कर चोरी और राजस्व हानि की पहचान करने तथा संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव पूनम कुजूर, राज्य-कर अपर आयुक्त दिलीप कुमार मंडल, जीवनारायण मंडल सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कंसल्टेंसी कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


