मुजफ्फर हुसैन
राँची। राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू स्टेशन मोहल्ला (बगीचा टोली) में शेख हासील (हाजी हासिल) के घर में घुसकर महिलाओं और परिवार के सदस्यों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, 2 नवंबर 2026 की रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच उनकी दुकान में चोरी हुई। चोर दुकान से लगभग 80 हजार रुपये, सिगरेट, गुटखा समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। आशिक रसूल (पिता- शेख हासिल), निवासी कडरू बगीचा टोली, के अनुसार चोरी की घटना के अगले दिन शाम करीब 7:30 बजे कुछ लोग उनके घर के सामने नशा कर रहे थे। परिवार की महिला सदस्य ने चोरी की घटना का जिक्र करते हुए वहां नशा करने से मना किया, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। इस संबंध में आशिक रसूल ने अरगोड़ा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना की जांच करने तथा चोरी हुए सामान और नकदी की बरामदगी के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। आवेदक ने बताया कि चोरी की घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी और मारपीट की घटनाओं की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।


