आरयू में पीएचडी एडमिशन 2026 के लिए इंटरव्यू शेड्यूल जारी

Lok Bimb
3 Min Read

– हेमन्त अहीर

रांची। रांची विश्वविद्यालय के शोध निदेशालय ने पीएचडी प्रवेश 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। साक्षात्कार 22, 23 और 24 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से विश्वविद्यालय के मोरहाबादी परिसर स्थित संबंधित विभागों में आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

विषयवार साक्षात्कार कार्यक्रम :

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को मानवशास्त्र, वाणिज्य, अंग्रेजी, भूगोल, भूविज्ञान, हिंदी, गृह विज्ञान, खड़िया, खोरठा, कुरमाली, कुरुख, दर्शनशास्त्र और प्राणीशास्त्र विषयों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा।

23 अक्टूबर को अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, रसायनशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, गणित, नागपुरी, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, संस्कृत, संताली और उर्दू विषयों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।

वहीं, 24 अक्टूबर को अंग्रेजी, वनस्पतिशास्त्र, हो, मुंडारी, पंचपरगनिया और समाजशास्त्र विषयों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपनी विषयवार निर्धारित तिथि और सूची में दिए गए क्रमांक की जांच करने की सलाह दी गई है।

साक्षात्कार के लिए जरूरी दस्तावेज :

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भरे हुए आवेदन पत्र की स्वहस्ताक्षरित हार्ड कॉपी के साथ सभी आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे। इनमें शैक्षणिक अंकपत्र, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, नेट/ गेट/एमफिल का स्कोर कार्ड और पहचान पत्र शामिल हैं। आरक्षण श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवश्यकतानुसार जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्र तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी मूल प्रमाणपत्र या उनके ऑनलाइन डाउनलोड किए गए संस्करण साथ ला सकते हैं।

परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों से होगा चयन :

पीएचडी में अंतिम चयन अर्हकारी परीक्षा में प्राप्त अंकों को 70 प्रतिशत और साक्षात्कार के प्रदर्शन को 30 प्रतिशत महत्व देकर किया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता (टीए) नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, साक्षात्कार की तिथि में बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी विषयवार साक्षात्कार तिथि और शॉर्टलिस्ट सूची में दिए गए क्रमांक की जांच कर लें। निर्धारित समय पर संबंधित विभाग में पहुंचना और सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है।

Share This Article
Leave a Comment