धनजोरी व सिंगा गांव में योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा
फातेह आलम तालझारी
बरहेट : प्रखंड क्षेत्र के धनजोरी एवं सिंगा गांव में झामुमो प्रखंड कमेटी की ओर से जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया गया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना और अबुआ आवास योजना जैसी योजनाओं से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। झामुमो कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जानेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करेंगे। जनसंवाद के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रखंड सचिव मुजिबुर रहमान, सुनीराम हांसदा, लखीराम हेंब्रम, शमीम अंसारी, गुंजन सिंघानिया, अब्दुल मजीद, पुसा टुडू, विनय सोरेन, अहमद हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।


