ईचागढ़: हाट टोला स्थित हरि मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय नवान्हपारायण महायज्ञ गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ भव्य रूप से संपन्न हो गया। महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात गाजे-बाजे और हर्षाेल्लास के साथ राम दरबार की मूर्ति का विसर्जन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भावुक और भक्तिमय हो उठा।
भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब, प्रिया पांडे के गीतों पर झूमे लोग
महायज्ञ के समापन की पूर्व संध्या (बुधवार रात) आयोजित भव्य भजन संध्या ने कार्यक्रम के उत्साह को दोगुना कर दिया। रामगढ़ की प्रसिद्ध भजन गायिका प्रिया पांडे और उनकी मंडली ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गायिका की सुरीली आवाज और भजनों की स्वरलहरियों पर पंडाल में मौजूद हजारों श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। देर रात तक चले इस भक्ति कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
पंडित अश्विनी ओझा ने कराया संगीतमय रामकथा का रसपान
इस नौ दिवसीय महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन श्री रामचरितमानस पाठ और उसकी विस्तृत व्याख्या का आयोजन किया गया। व्यास आसन को सुशोभित करते हुए प्रसिद्ध कथावाचक पंडित अश्विनी ओझा ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को संगीतमय रामकथा का रसपान कराया।
संचालन समिति के सदस्य भरत वर्मा ने जानकारी दी कि इस धार्मिक अनुष्ठान में झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई नामी-गिरामी पंडितों ने शिरकत की और अपनी विद्वत्ता से रामकथा का सुंदर रसास्वादन कराया।
सामूहिक एकता और अध्यात्म का दिखा अनूठा संगम
महायज्ञ के दौरान पिछले नौ दिनों तक पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा रहा। ग्रामीणों ने लगातार नौ दिनों तक सात्विक भोजन ग्रहण किया और नियमित रूप से राम दरबार में पूजा-अर्चना कर भगवान से क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
समिति के भरत वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल गांव में एक सकारात्मक आध्यात्मिक वातावरण बनता है, बल्कि सामूहिक सहभागिता से आपसी प्रेम और सामाजिक एकजुटता भी मजबूत होती है। महायज्ञ को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और कमिटी के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
ईचागढ़ में भक्ति की बयार: पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ नवान्हपारायण महायज्ञ, प्रिया पांडे के भजनों पर झूमे लोग

Leave a Comment Leave a Comment

