चाण्डिल / ईचागढ़: चाण्डिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने जनहित और न्यायिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को एक मांगपत्र सौंपा है। एसोसिएशन ने मंत्री से आग्रह किया है कि इन बुनियादी जरूरतों पर जल्द से जल्द सकारात्मक पहल की जाए, ताकि क्षेत्र के आम नागरिकों और वकीलों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।
मांगपत्र में इस बात पर विशेष प्रकाश डाला गया है कि चाण्डिल अनुमंडल का गठन 31 अगस्त 2003 को हुआ था और 23 जुलाई 2022 से यहां सिविल न्यायालय भी सुचारू रूप से कार्यरत है। इसके बावजूद अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं न्यायिक सुविधाओं के अभाव में आज भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने अपनी प्रमुख मांगों के तहत चाण्डिल क्षेत्र में एक सुसज्जित जेल भवन के निर्माण की पुरजोर मांग की है। इसके साथ ही, चाण्डिल अनुमण्डलीय न्यायालय परिसर में स्टाम्प भंडार की स्वीकृति देने और कोर्ट फीस के लिए एफ टिकट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। प्रशासनिक कार्यों और वित्तीय सुगमता के लिए चाण्डिल में ट्रेजरी कार्यालय खोले जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा, वकीलों के पठन-पाठन और कानूनी शोध कार्यों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चाण्डिल अनुमंडल बार भवन के सामने एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कराने की मांग रखी गई है।
बार एसोसिएशन ने रक्षा राज्य मंत्री से अपील की है कि जनहित से जुड़े इन सभी मामलों को पूरी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द से जल्द इनका निष्पादन कराया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अधिवक्ता मनोहर सिंह और चांडिल कोर्ट के टाइपिस्ट समीर कुमार महतो समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
चाण्डिल बार एसोसिएशन की दो टूक: दो दशक बाद भी प्रशासनिक और न्यायिक सुविधाओं से महरूम है अनुमंडल, रक्षा राज्य मंत्री को सौंपा मांगपत्र

Leave a Comment Leave a Comment

