चांडिल / सरायकेला-खरसावां : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। वर्षों के इंतजार के बाद अब क्षेत्रवासियों को नवनिर्मित चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल की सेवाएं जल्द शुरू होने की प्रबल उम्मीद जगी है। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर इस अहम मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया तथा अस्पताल को जल्द से जल्द चालू कराने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को जमीनी स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि चांडिल में नवनिर्मित अनुमंडलीय अस्पताल का भवन बनकर तैयार है, लेकिन केवल विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक लगभग 35 लाख रुपए की राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। भवन तैयार होने के बावजूद सेवाएं शुरू नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इलाज की जरूरत पड़ने पर स्थानीय लोगों को मजबूरन दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
क्षेत्र की जनता की जरूरत और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधायक सविता महतो ने सरकार के समक्ष अपनी मांगें स्पष्ट रूप से रखीं। उन्होंने आग्रह किया कि अस्पताल भवन में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक 35 लाख रुपए की राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए चिकित्सकों और अन्य मानव बल की व्यवस्था करने तथा जल्द से जल्द अस्पताल के उद्घाटन की तिथि निर्धारित करने की मांग की।
विधायक सविता महतो ने कहा कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल का जल्द चालू होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और बाहर जाने की मजबूरी कम होगी।
विधायक की बातों और क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक लगभग 35 लाख रुपए की राशि की व्यवस्था जल्द की जाएगी। साथ ही अस्पताल के संचालन के लिए चिकित्सकों और अन्य मानव बल की व्यवस्था भी प्राथमिकता के आधार पर कर जल्द ही इसका उद्घाटन कराया जाएगा।
विधानसभा सत्र के दौरान हुई इस पहल और मिले आश्वासन के बाद चांडिल अनुमंडल के लोगों में अस्पताल शुरू होने को लेकर नई आस जगी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही शेष व्यवस्थाएं पूरी होंगी और नवनिर्मित अनुमंडलीय अस्पताल की सेवाएं लोगों के लिए शुरू हो जाएंगी।
जल्द होगा चांडिल अनुमंडल अस्पताल का उद्घाटन, विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को किया आग्रह

Leave a Comment Leave a Comment

