गंगा कटाव से रेल पटरी पर संकट, रेलवे ने शुरू किया युद्धस्तर पर कटावरोधी कार्य

Lok Bimb
3 Min Read

महाराजपुर-झुंझरी पुल के पास ट्रैक से महज 20 मीटर दूर पहुंचा गंगा का कटाव, कई ट्रेनों का रूट बदला

फातेह आलम तालझारी

तालझारी :
साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के महाराजपुर एवं सकरीगली के बीच झुंझरी पुल के समीप गंगा नदी के तेज कटाव से रेल पटरी पर खतरा मंडराने लगा है। मंगलवार दोपहर के बाद पोल संख्या 219/32 के समीप गंगा का कटाव तेजी से बढ़ने के बाद रेलवे प्रशासन ने रेल लाइन को सुरक्षित रखने के लिए युद्धस्तर पर कटावरोधी कार्य शुरू कर दिया है।
रेलवे कर्मियों द्वारा गंगा के कटाव को रोकने के लिए गर्दी, बोल्डर एवं गिट्टी डालकर सुरक्षा कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि कटाव अब रेल ट्रैक से करीब 20 मीटर की दूरी तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पूरी रफ्तार से काम शुरू कर दिया है। रेलवे कर्मी लगातार मौके पर निगरानी रखते हुए कटावरोधी कार्य में जुटे हुए हैं।
तालझारी स्टेशन के एसएम विजय कुमार भगत ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन की छह एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट दुमका की ओर डायवर्ट किया गया है। वहीं साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के टीआई नितिश कुमार ने बताया कि जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, गया-हावड़ा एक्सप्रेस एवं भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के अप-डाउन परिचालन को भागलपुर से ही डायवर्ट किया गया है। इन ट्रेनों का परिचालन भागलपुर से दुमका के रास्ते किया जाएगा। रेलवे प्रशासन की ओर से इसकी सूचना संबंधित सभी रेलवे स्टेशनों को जारी कर दी गई है, ताकि यात्रियों को ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन एवं परिचालन की स्थिति की जानकारी समय पर मिल सके। अचानक ट्रेनों के रूट में बदलाव एवं परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। तालझारी एसएम विजय कुमार भगत ने बताया कि कटावरोधी कार्य रात में भी जोर-शोर से जारी रहेगा। कार्य की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए मालदा मंडल के डीआरएम भी कार्यस्थल पर पहुंचने की सूचना है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि रातभर में कटावरोधी कार्य पूरा कर रेल लाइन को सुरक्षित किया जा सके। स्थिति सामान्य रहने पर अगले दिन से ट्रेनों का परिचालन नियमित रूप से शुरू किए जाने की संभावना है।

Share This Article
Leave a Comment