ईचागढ़ (सरायकेला-खरसावां) : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार (26 नवंबर) को ईचागढ़ प्रखंड के मिलन चौक पर पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने और पत्रकारों पर कथित दबाव बनाने की कोशिशों पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के कामकाज और कथित अनियमितताओं को जनता के सामने लाना पत्रकारों का दायित्व है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई पत्रकार तथ्यों के आधार पर किसी विधायक से जुड़े मामले को उजागर करता है, तो क्या यह अपराध है। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय खबर प्रसारित करने वाले पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई किया जाना कई सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों के अनुसार, अभिषेक भारती ने सिमडेगा के एक विधायक से जुड़े मामले में एक नाबालिग लड़की के बयान को अपने चैनल पर प्रसारित किया था। पत्रकारों ने कहा कि यदि खबर में कोई तथ्यात्मक त्रुटि थी, तो कानून के तहत उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पत्रकार को गिरफ्तार किए जाने से पत्रकारिता जगत में चिंता का माहौल है।
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है और पत्रकारों को डराने, धमकाने या दबाव में लाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की गई और पत्रकारों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने की कोशिशें जारी रहीं, तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर एआईएसएम जेडब्ल्यूए के प्रदेश कार्यकारी सदस्य अरुण कुमार माझी, चंदन कुमार महतो, मालखान महतो समेत कई पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पत्रकार गिरफ्तारी के विरोध में ईचागढ़ में सड़कों पर उतरे मीडियाकर्मी, आंदोलन की चेतावनी

Leave a Comment Leave a Comment

