मालखान महतो
ईचागढ़ : कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के बाकारकुड़ी गांव में दुर्गापूजा के अवसर पर गुरुवार को भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सह झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो शामिल हुए। उनके आगमन पर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा और रावण दहन देखने के लिए भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
30 फीट ऊंचे पुतले का दहन रहा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण करीब 30 फीट ऊंचे रावण का विशाल पुतला रहा। जैसे ही रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित की गई, पूरा परिसर जयकारों और आतिशबाजी से गूंज उठा। इस रोमांचक और भव्य दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे मौजूद रहे। हर कोई इस पल को अपने कैमरे में कैद करने को उत्सुक दिखा।
बुराइयों के खिलाफ संघर्ष का देता है संदेश: सुदेश महतो
समारोह को संबोधित करते हुए आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने कहा कि रावण दहन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर और समाज में मौजूद कुरीतियों व बुराइयों को पहचानकर उन्हें समाप्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण के पुतले का दहन किया जाता है, उसी प्रकार समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ भी सभी को दृढ़ता से खड़े होने की जरूरत है। राजनीति हो या सामाजिक जीवन, हर जगह गलत प्रवृत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ संघर्ष आवश्यक है। उन्होंने आजसू पार्टी को क्रांति की उपज बताते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू, आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य भोलानाथ महतो, सुनील सिंह, मांकड़ महतो, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, सारथी महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और दर्शक उपस्थित रहे।
बाकारकुड़ी में भव्य रावण दहन, उमड़ा जनसैलाब; आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो बोले— समाज की बुराइयों को मिटाने की जरूरत

Leave a Comment Leave a Comment

