रांगा थाना में पुलिस पदाधिकारियों को iRAD/eDAR पोर्टल के संचालन की दी गई जानकारी
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज :- सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को रांगा थाना परिसर में iRAD/eDAR प्रणाली को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना से संबंधित डाटा का सटीक एवं समयबद्ध प्रबंधन करने के साथ-साथ पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को eDAR पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिले के सभी थानों द्वारा iRAD/eDAR पोर्टल पर दुर्घटना से संबंधित आंकड़ों की समय पर एवं सही तरीके से प्रविष्टि करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में एल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के उपयोग एवं इसके माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की मानक प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अलावा Hit and Run मामलों के प्रभावी प्रबंधन तथा Good Samaritan (नेक नागरिक) से संबंधित प्रावधानों और उनके संरक्षण के नियमों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में त्वरित केस प्रोसेसिंग, सही डाटा संधारण एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, पुलिस पदाधिकारी एवं iRAD/eDAR मैनेजर मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि iRAD/eDAR प्रणाली के प्रभावी उपयोग से सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में कार्रवाई को अधिक पारदर्शी, त्वरित और परिणामोन्मुख बनाया जा सकेगा।


