मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गिरिडीह के मधुबन में आयोजित ‘मरांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन’ में हुए शामिल, आदिवासी समाज की एकजुटता और परंपराओं के संरक्षण का किया आह्वान

Lok Bimb
7 Min Read

आदिवासी समाज को विशिष्ट सामाजिक अधिकार प्राप्त हैं, भारतीय संविधान में भी इन्हें मान्यता दी गई है : मुख्यमंत्री

मरांग बुरू धोरोमगाड़ का संरक्षण और देखभाल हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी

समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग जरूरी

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड स्थित मधुबन थाना मैदान में आयोजित ‘मरांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन’ में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संताली भाषा में संबोधित किया और आदिवासी समाज को संगठित, सशक्त एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज को विशिष्ट सामाजिक अधिकार प्राप्त हैं, जिन्हें भारतीय संविधान में भी मान्यता दी गई है। देश में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां आदिवासी समाज की सहमति और अनुमति के बिना कोई भी कार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने महासम्मेलन के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज को संगठित और प्रगतिशील बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग आवश्यक है। उन्होंने समाज को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मरांग बुरू धोरोमगाड़ का संरक्षण और देखभाल हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसकी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना जरूरी है।

आदिवासी समाज देश का सबसे पुराना समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज देश का सबसे पुराना समाज है। हमारे समाज की जड़ें मजबूत हैं, लेकिन समय के साथ इसकी शाखाएं अलग-अलग हो गई हैं। आज समाज के कुछ लोग स्वयं को हिंदू मानते हैं, तो कुछ सरना धर्म से जुड़ा मानते हैं। कहीं जनजातीय भाषाएं बोली जा रही हैं, तो कहीं हिंदी का भी प्रचलन है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज जंगलों में रहते थे और जंगल ही उनके जीवन एवं आजीविका का प्रमुख आधार रहा है। जंगल हमें रोजगार और जीवन देता है। हमारे लिए जंगल भगवान के समान है। इसलिए प्रकृति और जंगलों के संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

युवा अपनी परंपरा, रीति-रिवाज और इतिहास को समझें

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन का निधन हो गया है। उनका द्वादशकर्म पारंपरिक विधि-विधान और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न किया गया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को समझें तथा अपने समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से परिचित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ चुकी है। लोग चांद तक पहुंच गए हैं और लगातार नए वैज्ञानिक शोध हो रहे हैं। इसके बावजूद आदिवासी समाज शिक्षा, आर्थिक स्थिति और अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में अभी भी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। समाज के उत्थान के लिए सभी लोगों को एकजुट और संगठित होना होगा।

उन्होंने चिंता जताई कि हमारे पूर्वजों ने जो समृद्ध परंपराएं और जीवनशैली हमें विरासत में दी हैं, धीरे-धीरे हम उनसे दूर होते जा रहे हैं। पहले पशुपालन और कृषि समाज की आजीविका के प्रमुख साधन थे, लेकिन वर्तमान पीढ़ी इन पारंपरिक व्यवसायों से दूर होती जा रही है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू को विधायक चुना था और उन्हें मंत्री पद देकर क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और वे हम सभी से दूर हो गए।

उन्होंने कहा कि उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य गठन के 25 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अपेक्षित विकास की दिशा में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। हमें एकजुट होकर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए तैयार रहना होगा।

नशाखोरी आदिवासी समाज की प्रगति में बाधक

मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की लत समाज को कमजोर कर रही है। समाज के कई लोग इसके दुष्प्रभावों से प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा जागरूकता और पुनर्वास से जुड़े प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘नशामुक्त जीवन हो हमारा’ अभियान के माध्यम से सामूहिक जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही झारखंड में हड़िया और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री से जुड़ी महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूलो-झानो आशीर्वाद योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से नशाखोरी छोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कई करीबी लोगों को खोने का उन्हें गहरा दुख है। उन्होंने दिवंगत लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही महासम्मेलन के मंच से प्राप्त ज्ञापन पर न्यायसंगत तरीके से विचार करने और समाज के लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी समाज के प्रतिनिधि

महासम्मेलन में विधायक श्री सोमेश सोरेन, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, मरांग बुरू बचाओ संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष श्री फागू बेसरा, महासचिव श्री हीरालाल मांझी, जिला अध्यक्ष श्री महावीर मुर्मू, सचिव श्री विष्णु किस्कू सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा असम, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से भी आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने महासम्मेलन में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

महासम्मेलन में शामिल होने के लिए गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित मधुबन पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का सीआरपीएफ कैंप परिसर स्थित हेलीपैड पर स्थानीय प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी, डीआईजी, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने भी उनका स्वागत किया।

Share This Article
Leave a Comment