शैलेश सिंह
चतरा: टंडवा में संचालित सीसीएल के मगध-संघमित्रा एरिया के नवनिर्मित महाप्रबंधक जीएम एवं परियोजना पदाधिकारी पीओ कार्यालय का उद्घाटन बुधवार को सीसीएल के निदेशक हर्षनाथ मिश्रा और चंद्रशेखर तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। सीसीएल के चमातू में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस भव्य भवन का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में दरभंगा हाउस से पहुंचे अधिकारियों की उपस्थिति में नए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम से पहले मगध-संघमित्रा एरिया के जीएम राजीव कुमार ने दोनों निदेशकों को बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मगध पीओ राकेश कुमार संघमित्रा के पिओ दिलीप कुमार सहित सीसीएल एवं खनन कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन से क्षेत्रीय कार्यालय के कामकाज को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह देखा गया।


