रांची में पुरानी पानी टंकी का ढांचा गिरा, दो मजदूरों की मौत

Lok Bimb
1 Min Read

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम पुरानी पानी की टंकी के ढांचे को गिराने के दौरान उसके अचानक ढह जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार घटना शाम करीब छह बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला स्कूल परिसर में हुई। मजदूर नई पानी की टंकी के लिए ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से पुरानी टंकी को गिराने का काम कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निखिल राय ने बताया कि हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है। एक मजदूर का शव तत्काल मलबे से निकाल लिया गया था, जबकि दूसरा मजदूर मलबे के नीचे दबा हुआ था। उन्होंने बताया कि दूसरे मजदूर को निकालने के लिए चार घंटे से अधिक समय तक बचाव अभियान चलाया गया। मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई और रात करीब 10:30 बजे दूसरे मजदूर का शव भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पलामू जिले के निवासी 35 वर्षीय सत्य भुइयां और मैथिली शरण मेहता के रूप में हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment