सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सीसीटीवी निगरानी दुरुस्त रखने का निर्देश
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने रविवार को शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और प्रतिमा विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने साक्षरता चौक दुर्गा मंदिर, जिरवाबाड़ी दुर्गा मंदिर, नॉर्थ कॉलोनी मैदान और कृष्णानगर बड़ी दुर्गा मंदिर सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मंदिरों का निरीक्षण किया। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, साफ-सफाई बनाए रखने, स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा अग्निशमन यंत्रों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं। पंडालों एवं मंदिरों के आसपास कूड़ा-कचरा जमा होने से रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने को कहा।
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश
पूजा पंडालों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन घाटों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए घाटों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएं, ताकि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद, नगर थाना प्रभारी, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


