बरहरवा प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों का जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि ने किया दौरा

Lok Bimb
2 Min Read

मोहिउद्दीन मंसूरी कोटालपोखर

बरहरवा : पूर्व मंत्री आलमगीर आलम तथा माननीय विधायक निसात आलम जी के निर्देशानुसार रविवार को बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान एवं बरहरवा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष श्री रंजीत टुडू ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बातचीत करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने को लेकर चर्चा की। बरकतुल्लाह खान ने कहा कि बरहरवा क्षेत्र हमेशा से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है। विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहार में शामिल होकर सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने पूजा समितियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व-त्योहार समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष श्री रंजीत टुडू ने भी पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं तथा सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन एवं पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों, स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर हीरालाल साह सहित स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment