तालझारी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, महिला के सिर में चोट; दो पुरुष भी जख्मी
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : तालझारी थाना क्षेत्र के देव पहाड़ के पास दो टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क दुर्घटना में दो पुरुष और एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति के हाथ, सिर और मुंह में चोट लगी है, जबकि महिला के सिर और तीसरे व्यक्ति के हाथ में चोट आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासकलाइयां निवासी कृष्णा मंडल (39), पिता नरेश मंडल, तालझारी की ओर से पहाड़ी रास्ते से आ रहे थे। इसी दौरान देव पहाड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे टेंपो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरे टेंपो में तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाडको पहाड़ निवासी सूरज पहाड़िया (35), पिता इतवारी पहाड़िया, अपनी पत्नी बुधनी पहाड़िन (35) के साथ साहिबगंज से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा होने लगी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा उनकी वर्तमान स्थिति के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, दुर्घटना को लेकर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की भी पुष्टि नहीं हो पाई है।


