बदलेगी किसानों की तकदीर: चांडिल जलाशय मेगा लिफ्ट योजना मंजूर, अब बारिश के भरोसे नहीं रहेगी खेती

Lok Bimb
2 Min Read

ईचागढ़ (सरायकेला-खरसावां) : सुदूर और आकांक्षी पिछड़े क्षेत्र कुकड़ू और नीमडीह के किसानों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से उपेक्षित रहे इस इलाके की तस्वीर बदलने के लिए चांडिल जलाशय से ‘मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना’ को राज्य कैबिनेट से औपचारिक स्वीकृति मिल गई है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद जिला परिषद (जिप) उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि विकास के मामले में पिछड़े रहे कुकड़ू प्रखंड में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा है। क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को देखते हुए जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने इस सिंचाई परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए शासन-प्रशासन के स्तर पर लगातार प्रयास किए।
उनके इन प्रयासों के तहत 06 दिसंबर 2023 को ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री को मांग पत्र (पत्रांक 57) सौंपा था। इसके अलावा 30 जनवरी 2023 और 13 जून 2025 को कुकड़ू में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित 10 सूत्री मांग-पत्र में इस लिफ्ट सिंचाई योजना को प्रमुखता से शामिल किया गया था।
इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप कैबिनेट की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना पर मुहर लग गई। जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र में जेएसएफसी गोदाम, प्राथमिक व उप-स्वास्थ्य केंद्र, नए पंचायत भवन, आधुनिक बस पड़ाव, डीप बोरिंग, पीसीसी सड़कें, पुलिया और गार्डवाल जैसी कई विकास योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।
चांडिल डैम से लिफ्ट सिंचाई योजना के शुरू होने से कुकड़ू और नीमडीह के हजारों किसानों की खेती अब केवल मानसून पर निर्भर नहीं रहेगी। इस निर्णय के बाद से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में हर्ष का माहौल है।

Share This Article
Leave a Comment