महेशगढ़िया फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में उमड़ा खेलप्रेमियों का जनसैलाब, एफसी गेलबार पारिश ने जीता खिताब
महेशपुर : महेशपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत रोलाग्राम के ग्राम महेशगढ़िया फुटबॉल मैदान में चाय चम्पा क्लब महेशगढ़िया के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी जी ने फुटबॉल को आसमान में उछालकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैदान पहुंचने पर आयोजकों ने आदिवासी पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ा और मांदर की थाप के बीच शॉल ओढ़ाकर एवं ढोबोक् जोहार के साथ उपासना मरांडी जी का भव्य स्वागत किया।
फाइनल मुकाबला एफसी गेलबार पारिश और एफसी भेलो सिटी यूनाइटेड के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी गेलबार पारिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि उपासना मरांडी जी ने 60 हजार रुपये नगद, जबकि उपविजेता एफसी भेलो सिटी यूनाइटेड को 50 हजार रुपये नगद देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपासना मरांडी जी ने खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती है। महेंद्र सिंह धोनी जैसे विश्वविख्यात खिलाड़ी ने झारखंड का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। यहां के युवा भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। खिलाड़ियों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे खेल आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मौके पर जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, जिप सदस्य सामसुन मुर्मू, झारखंड पुलिस पाऊल सोरेन, निठुर मुर्मू, क्लब के अध्यक्ष फिलीसन मुर्मू, सचिव बबलू मुर्मू, कोषाध्यक्ष महेंद्र बेसरा,इग्नाशियुस हेंब्रम, शमशेर मुर्मू सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता एवं हज़ारों दर्शक मौजूद थे।


