ईचागढ़। प्रखंड अंतर्गत लेपाटांड़ गांव स्थित मध्य विद्यालय में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट, किचन शेड और चावल गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मिड-डे मील के लिए रखा 5 बोरा चावल और खाना बनाने के 4 बड़े बर्तन (डेग) चुरा ले गए।
घटना को लेकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार महतो ने ईचागढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी 12 अक्टूबर 2021, 13 दिसंबर 2024, 25 नवंबर 2025 और 8 फरवरी 2026 को ताला तोड़कर चोरी की जा चुकी है।
सड़क पर उतरे ग्रामीण व स्कूली बच्चे
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने सोमवार को डुमटांड़-पातकुम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और चोरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वरुण यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाया।
थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, दिया आश्वासन
इसके बाद थाना प्रभारी ने विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों व शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के मिड-डे मील के लिए चावल और बर्तन की व्यवस्था को लेकर बीडीओ और बीईईओ से वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।
शिक्षकों ने दिखाई इंसानियत
इधर, विद्यालय में चावल और बर्तन चोरी हो जाने के बावजूद शिक्षकों ने अपने स्तर से व्यवस्था कर बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया।
ईचागढ़: मध्य विद्यालय लेपाटांड़ में 5वीं बार चोरी, एमडीएम का राशन-बर्तन चोरी होने पर सड़क जाम

Leave a Comment Leave a Comment

