रक्षाबंधन पर प्रकृति के नाम बांधा रक्षा सूत्र, मंडरो व बरहेट में मनाया गया वृक्ष रक्षाबंधन

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का पर्व रक्षाबंधन इस बार प्रकृति संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। वन विभाग की ओर से मंडरो एवं बरहेट वन क्षेत्र में वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान वनकर्मियों एवं ग्रामीणों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि जिस प्रकार रक्षाबंधन पर हम अपने प्रियजनों की सुरक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधों और प्रकृति की रक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वनकर्मियों ने ग्रामीणों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संतुलन तथा वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से पेड़ों की रक्षा करने और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। वृक्ष रक्षाबंधन के माध्यम से वन विभाग ने रक्षाबंधन के पर्व को प्रकृति से जोड़ते हुए हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वन विभाग का संदेश रहा— “वृक्षों से बांधा रक्षा का रिश्ता, हरियाली से सुरक्षित होगा भविष्य।”
कार्यक्रम में प्रधान वनरक्षी अमित कुमार, सुनील कुमार, अंकित झा सहित अन्य वनकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment