रांची: भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए भी भावनाओं से भरा रहा। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधकर उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।
इस आत्मीय अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समस्त झारखंडवासियों को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित अन्य परिजन भी मौजूद रहे।


