बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर दें किसान

Lok Bimb
4 Min Read

धान कटाई के बाद खेत में सुखाने के दौरान बारिश से नुकसान होने पर भी बीमा कंपनी को तुरंत दें जानकारी, जिला प्रशासन ने की अपील

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल का बीमा कराने वाले किसानों से जिला प्रशासन, साहिबगंज ने अपील की है कि प्राकृतिक आपदा या अन्य अधिसूचित जोखिम के कारण फसल को नुकसान होने पर इसकी सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को दें। निर्धारित समय-सीमा में सूचना मिलने से नियमानुसार फसल क्षति का आकलन और बीमा लाभ की प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने विशेष रूप से धान की कटाई के बाद खेत में फसल सुखाने के दौरान बारिश से होने वाले नुकसान को लेकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि बारिश के कारण खेत में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को नुकसान पहुंचता है, तो बीमित किसान बिना देरी किए इसकी सूचना संबंधित बीमा कंपनी को दें। योजना के प्रावधानों एवं लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसे मामलों में पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस के तहत सहायता का प्रावधान हो सकता है।

हेल्पलाइन नंबर 14447 पर दें सूचना

फसल क्षति की जानकारी दर्ज कराने के लिए किसान बीमा कंपनी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप (Crop Insurance App) तथा कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। किसान संबंधित बैंक, बीमा कंपनी, प्रखंड या जिला कृषि विभाग तथा स्थानीय कृषि पदाधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं।

सूचना देते समय इन बातों का रखें ध्यान

फसल क्षति की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, बीमा आवेदन या नामांकन संख्या, बीमित फसल का नाम, प्रभावित क्षेत्रफल, क्षति की तारीख और घटना का स्पष्ट विवरण उपलब्ध रखना चाहिए। संभव हो तो प्रभावित खेत और फसल की तस्वीरें भी सुरक्षित रखें, ताकि क्षति के आकलन में सहायता मिल सके। शिकायत दर्ज कराने के बाद किसानों को शिकायत या पावती संख्या और सूचना देने की तारीख सुरक्षित रखनी चाहिए। केवल शिकायत दर्ज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बीमा योजना के नियमों के अनुसार आवश्यक सत्यापन और फसल क्षति का आकलन भी किया जाएगा।

किसानों से समय पर सूचना देने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी बीमित किसानों से अपील की है कि वे फसल क्षति होने पर निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और सूचना देने में किसी प्रकार की देरी न करें। खासकर धान की कटाई और खेत में सुखाने के दौरान बारिश से फसल को नुकसान होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या अन्य निर्धारित माध्यमों से जानकारी दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फसल क्षति की सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर देना जरूरी है। इसलिए किसान समय पर सूचना दर्ज कराएं और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखकर योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करें।

Share This Article
Leave a Comment