सोनु कुमार सिंह
सरायकेला/आदित्यपुर : दुर्गा पूजा के जश्न के बीच आदित्यपुर की प्रसिद्ध खाओ गली में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। केवल 150 रुपये के खाने के ऑर्डर को लेकर हुई बहस के बाद एक युवक की जान चली गई।
यह घटना मंगलवार रात लगभग साढ़े 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, मानगो का रहने वाला एक लाइटिंग मिस्त्री अपने दोस्तों के साथ खाओ गली में खाना खाने गया था।
शिकायतकर्ता सागर झा के अनुसार, उन्होंने एक दुकान पर हाफ चाउमीन और चिकन चिली का ऑर्डर दिया और 150 रुपये पहले ही दे दिए। ऑर्डर मिलने में देर होने पर ग्राहकों ने पूछताछ की, जिस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि दुकानदार ने पैसे वापस कर दिए, फिर भी झगड़ा शांत नहीं हुआ और देखते ही देखते गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि सालडीह बस्ती के रहने वाले दुकानदार परिवार ने मिलकर ग्राहकों पर हमला कर दिया। मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा ने धारदार चाकू से हमला किया। इस हमले में शिखर तिर्की नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले में थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा, उसका भाई मोहित, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका और बहन मुक्ति बरुवा शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और कड़ाही बरामद कर जांच के लिए FSL भेज दिया है।


