मुख्यमंत्री को सिंहभूम चैंबर ने सौंपे चार महत्वपूर्ण ज्ञापन

Lok Bimb
5 Min Read

बिजली-पानी कनेक्शन, JIADA के आधारभूत ढांचे और कोल्हान के औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक और आधारभूत विकास से जुड़े चार महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

चैंबर ने टाटा कमांड एरिया में नए आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट के अभाव में बिजली और पानी का कनेक्शन नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। साथ ही लगभग 30 वर्ष पुराने प्रतिष्ठानों को भी विद्युत लोड बढ़ाने की अनुमति नहीं दिए जाने पर चिंता जताई। चैंबर का कहना था कि टाटा स्टील और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की वर्तमान कार्यप्रणाली के कारण शहर में नए निवेश, व्यवसाय विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं। बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनुपलब्धता शहर के विकास में बाधा बन रही है।

इसके अतिरिक्त टाटा लीज क्षेत्र में जमीन, मकान, दुकान और फ्लैट की रजिस्ट्री शुरू करने, अनाबाद बिहार की जमीनों का सर्वे कराने तथा खासमहल की जमीनों का पूर्ण मालिकाना हक देने की मांग भी की गई।

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए चैंबर ने सभी फेज में सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में आंतरिक सड़कों, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी व्यवस्था, प्रवेश द्वार, फैक्ट्री शेड, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और तकनीकी केंद्र विकसित करने के साथ पुलिस गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, जमशेदपुर में MSME फैसिलिटेशन सेंटर खोलने तथा शहर से 30-40 किलोमीटर के दायरे में लगभग 2,000 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।

PM Gati Shakti योजना के तहत चैंबर ने टेटला में प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क की वर्तमान स्थिति, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), भूमि उपलब्धता और स्वीकृति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही इसके निर्माण की समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र को NH-33 और रेलवे से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने, टाटानगर एवं आदित्यपुर में माल ढुलाई की अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने तथा गुड्स साइडिंग, कंटेनर हैंडलिंग, ट्रक टर्मिनल, आधुनिक वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब स्थापित करने की मांग भी की गई। चैंबर ने कोल्हान क्षेत्र की स्वीकृत, प्रस्तावित और विचाराधीन परियोजनाओं के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उनकी समय-सीमा निर्धारित करने पर भी जोर दिया।

चैंबर ने 1 जुलाई 2017 से पहले जारी सरकारी कार्यादेशों पर GST लागू होने के बाद संवेदकों पर पड़े अतिरिक्त कर भार की प्रतिपूर्ति का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। इस संबंध में झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जारी SOP (S.O. 33, दिनांक 26.08.2022) की कंडिका-15 में संशोधन की मांग की गई। चैंबर का आग्रह था कि वास्तविक GST अतिरिक्त भार की प्रतिपूर्ति के दावों को केवल इस तकनीकी आधार पर खारिज नहीं किया जाए कि संबंधित संविदा में मूल्य संशोधन का प्रावधान नहीं है। इसके साथ ही पहले अस्वीकृत और लंबित दावों पर पुनर्विचार कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की गई।

चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से इन सभी विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा उसमें चैंबर के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने का अनुरोध किया।

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि जमशेदपुर और कोल्हान का औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब उद्योगों और व्यवसायों को बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज तथा बेहतर कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। विशेष रूप से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र और EMC में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण तथा जमशेदपुर में बिजली-पानी कनेक्शन की समस्या का समाधान बेहद जरूरी है। इन समस्याओं का निराकरण होने से नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के अलावा पुनीत काउंटिया, राजीव अग्रवाल, अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बांकरेवाल, अंशुल रिंगसिया एवं बिनोद शर्मा शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment