फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत मंगलवार को साहिबगंज महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं सफाई अभियान के साथ टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में NCC कैडेटों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की जोश (JOSH) टीम के NCC कैडेटों ने परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इसके माध्यम से लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा नियमित रूप से पूरा उपचार कराने के महत्व की जानकारी दी गई। मौके पर प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को सामाजिक दायित्व निभाते हुए टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के यक्ष्मा विभाग की ओर से उपस्थित PPM दिनेश कुमार ने टीबी उन्मूलन में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों तक टीबी से संबंधित सही जानकारी पहुंचाने, संभावित मरीजों को समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करने तथा टीबी मरीजों के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में NCC नोडल पदाधिकारी डॉ. वसीम रजा, NCC सहयोगी, सभी NCC कैडेट, महाविद्यालय के शिक्षकगण तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और टीबी मुक्त साहिबगंज के साथ टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


