चांडिल अनुमंडल में प्रमाण पत्रों के लंबित होने से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में, जिप उपाध्यक्ष ने SDO को दी चेतावनी

Lok Bimb
2 Min Read

ईचागढ़ : चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चारों प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में प्रशासनिक सुस्ती और लेटलतीफी के कारण आम जनता और विद्यार्थियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जाति, आय, आवासीय और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लिए महीनों से अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे छात्रों का सब्र अब जवाब देने लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को कड़े शब्दों में पत्र लिखकर (पत्रांक- 46/2026, दिनांक 27/10/2026) सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की मांग की है।
ई-कल्याण छात्रवृत्ति आवेदन पर मंडराया संकट
जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अंचल कार्यालयों की सुस्त कार्यशैली के कारण हजारों गरीब, शोषित और पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं समय पर जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभ से वंचित होने की कगार पर खड़े हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक नाकामी करार देते हुए कहा है कि यह सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
कल्याणकारी योजनाओं से वंचित हो रही आम जनता
प्रशासनिक सुस्ती का शिकार केवल छात्र ही नहीं, बल्कि आम जनता भी हो रही है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में गरीब ग्रामीण सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभ से दूर हो रहे हैं। कार्यालयों में आम जनता की समस्याओं के प्रति बरتی जा रही उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
जिप उपाध्यक्ष ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि “यह केवल कागजी दस्तावेजों का मामला नहीं, बल्कि हजारों गरीब विद्यार्थियों के भविष्य और जनता के बुनियादी अधिकारों का सवाल है।” यदि प्रशासन ने युद्धस्तर पर लंबित प्रमाण पत्रों का निष्पादन नहीं किया, तो छात्र-युवा और आम जनता सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी सारी जवाबदेही जिला और अनुमंडल प्रशासन की होगी।
इस संवेदनशील मामले की प्रतिलिपि उपायुक्त (सरायकेला-खरसावां) तथा चांडिल अनुमंडल के सभी बीडीओ (BDO) और सीओ (CO) को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment