केचुआ पुल के समीप बाइक और ट्रक में भीषण टक्कर, युवक की मौत

Lok Bimb
1 Min Read

मोहिउद्दीन मंसुरी कोटालपोखर

बरहरवा : बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप बाइक और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 22 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव निवासी जीवन रमणी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, जीवन रमणी बुधवार को बरहरवा बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान केचुआ पुल के समीप उसकी बाइक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से बेलडंगा गांव में भी शोक का माहौल है।

Share This Article
Leave a Comment