बड़ा दुर्गापुर में प्राकृतिक खेती को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Lok Bimb
2 Min Read

SMAE/ATMA योजना के तहत किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी, खेत बचाओ अभियान पर दिया गया जोर

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : तालझारी प्रखंड के बड़ा दुर्गापुर पंचायत भवन में SMAE/ATMA योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करना है। प्रशिक्षण के दौरान मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, कृषि लागत कम करने तथा टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक आदर्श कुमार महतो ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और कम लागत में बेहतर कृषि उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों को अपनाने की अपील की। साथ ही किसानों को खेतों की मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन सह राजमहल के सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रवीण कुमार ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की। इस दौरान किसानों को डीसीएस (DCS), प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (PM-KUSUM), केएसवाई (KSY), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) सहित अन्य कृषि योजनाओं के उद्देश्य एवं लाभों की जानकारी दी गई। किसानों को योजनाओं से जुड़कर कृषि कार्यों को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कृषक मित्र मेघराय सोरेन एवं गंगा पहाड़िया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, मिट्टी की उर्वरता बचाने और पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Share This Article
Leave a Comment