स्वास्थ्य कर्मियों ने परिसर से लेकर शौचालय तक की सफाई की, फुलवारी में लगाए नए पौधे
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : आयुष्मान आरोग्य मंदिर वृंदावन के अंतर्गत अभियान-06 कार्यक्रम के तहत स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान का आयोजन किया गया। सीएचओ एस्टर हेंब्रम की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के किचन गार्डन, फुलवारी, परिसर की चारों ओर की जगहों और सभी कमरों की अच्छी तरह साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही शौचालय की भी सफाई की गई, ताकि स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बना रहे। वहीं, परिसर की सुंदरता बढ़ाने और हरियाली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फुलवारी में नए पौधे भी लगाए गए। इस दौरान सभी स्वास्थ्य कर्मियों में अभियान को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। सभी ने खुशीपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। मौके पर एएनएम संगीता कुमारी, टेरेसा मुर्मू, एमपीडब्ल्यू वीरेंद्र कुमार, सहिया पर्यवेक्षक अवधेश कुमार सहित वृंदावन क्षेत्र की सभी सहिया एवं सहिया साथी मौजूद थीं।


