अयोध्या से पहुंचे कथावाचक धनंजय वैष्णव जी महाराज करेंगे भागवत कथा का वाचन, प्रतिदिन शाम छह से रात 11 बजे तक बहेगी भक्ति की गंगा
फातेह आलम तालझारी
राजमहल : राजमहल प्रखंड के मखानी गांव स्थित नीचे टोला आम बगान में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान गंगा यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में 251 कन्याओं ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। शोभायात्रा में महिलाओं, बच्चों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और बड़ी संख्या में भागवत प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस धार्मिक आयोजन में अयोध्या के प्रमोद वन स्थित शांति कुटिया से पधारे कथावाचक धनंजय वैष्णव जी महाराज अपनी मंडली के साथ श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा सुनाएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, प्रेम, धर्म और सदाचार का संदेश दिया जाएगा। यज्ञ के आयोजन में पांच यजमान परिवारों ने धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन में हजारी बाबा, प्रजापति प्रकाश बाबा, नंद जी सहित अन्य श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर रौशन उपाध्याय, पीयूष, राज, अभिराज, ऋषु, पवन, मनीष, रवि, आशीष, ऋतिक, अखिलेश उपाध्याय, शुभम पंडित, अंकित कुमार साह और शिवम कुमार सहित लगभग 500 श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उनके आदर्शों से परिचित कराना है। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजक मंडली के अनुसार, नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान गंगा यज्ञ के दौरान प्रतिदिन संध्या छह बजे से रात्रि 11 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर कथा श्रवण करने तथा आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का लाभ लेने की अपील की है।


