मोबाइल बरामद, रेलवे स्टेशन पर यात्री सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
फातेह आलम तालझारी
तालझारी : तालझारी रेलवे स्टेशन पर यात्री का मोबाइल छीनकर भागने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कालियाचक-सुजापुर निवासी मसीदुर रहमान मालदा टाउन ट्रेन से साहिबगंज जा रहे थे। वह पेशे से फेरी का काम करते हैं। बताया जाता है कि तालझारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल छीन लिया और भागने लगा। मोबाइल छीनकर भागते देख मसीदुर रहमान ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया। यात्री को पीछे आते देख घबराए अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। इस तरह यात्री को अपना मोबाइल वापस मिल गया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रेल प्रशासन को सतर्कता बढ़ानी चाहिए।
रेल प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना को गंभीरता से लेते हुए रेल प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की जांच कर अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें।


