देवघर समाहरणालय के समक्ष सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक होगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की अपील
मधुपुर : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की देवघर जिला समिति के तत्वावधान में आज, 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जिला समाहरणालय गेट के समीप, देवघर में आयोजित होगा। धरना-प्रदर्शन का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग उठाना है। जेएलकेएम के देवघर जिलाध्यक्ष चंदन कुमार वर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो के निर्देश पर यह राज्यव्यापी आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें देवघर जिले के केंद्रीय, जिला, प्रखंड, पंचायत एवं नगर समिति के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन की प्रमुख मांगों में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, पेपर लीक मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई, भविष्य की परीक्षाओं को पारदर्शी बनाना, छात्रों के मानसिक उत्पीड़न के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तथा आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग शामिल है। जेएलकेएम ने कहा है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा छात्रों के हितों और न्याय की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।


