सावन उत्सव में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक, मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर

Lok Bimb
3 Min Read

सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश: मनरखन महतो बी.एड. कॉलेज में सावन उत्सव का आयोजन

मुजफ्फर हुसैन, संवाददाता

राँची : मनरखन महतो बी.एड. कॉलेज में सावन उत्सव हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न आकर्षक एवं मनमोहक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को जीवंत रूप दिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे मन से अपनी कला का प्रदर्शन किया। मेहंदी के खूबसूरत डिजाइनों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सावन उत्सव की रंगत को और बढ़ा दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम स्थान श्वेता कुमारी (बी.एड. द्वितीय वर्ष) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान अंजलि कुमारी (डी.एल.एड. प्रथम वर्ष) एवं नेहा कुमारी (बी.एड. द्वितीय वर्ष) ने हासिल किया, जबकि तृतीय स्थान रश्मि कुजूर एवं मिताली मेहता (बी.एड. द्वितीय वर्ष) को प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को उनके हुनर और रचनात्मकता के लिए सराहा गया। सावन उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और पारंपरिक कला को समझने एवं प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस अवसर पर अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि सावन उत्सव भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। निदेशक मनोज कुमार महतो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने कहा कि मेहंदी जैसी पारंपरिक कला भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस दौरान ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशासिका मीना कुमारी, पुनम कुमारी, सभी व्याख्यातागण, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment