गंगा उत्सव पर छात्राओं ने बनाई आकर्षक पेंटिंग, संरक्षण का लिया संकल्प

Lok Bimb
3 Min Read

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स) में चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए दिया गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज :  गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर बुधवार को नमामि गंगे परियोजना के तत्वावधान में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स), साहिबगंज में चित्रकला प्रतियोगिता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलाकृतियों के माध्यम से गंगा संरक्षण, नदी की स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा एवं जलीय जैव विविधता का संदेश दिया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने गंगा नदी की स्वच्छता, जलीय जीवों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व और स्वच्छ पर्यावरण जैसे विषयों पर आकर्षक पेंटिंग बनाईं। इस दौरान जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे अमित मिश्रा ने छात्राओं को गंगा नदी के पारिस्थितिक महत्व और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने संकटग्रस्त गंगा डॉल्फिन के संरक्षण पर विशेष जानकारी देते हुए बताया कि गंगा डॉल्फिन भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है। नदी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं को नदी प्रदूषण के दुष्परिणाम, प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण, जलीय जैव विविधता तथा प्राकृतिक आवास के संरक्षण के बारे में विस्तार से बताया।
अमित मिश्रा ने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। खासकर युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों को इस दिशा में आगे आकर लोगों को जागरूक करना चाहिए। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या सीमा कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण और नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, कार्यक्रम प्रभारी शिक्षिका मेहनाज तबस्सुम ने कहा कि गंगा हमारी प्राकृतिक, सांस्कृतिक और पारिस्थितिक धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए जागरूकता के साथ-साथ लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना भी जरूरी है। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने गंगा नदी को स्वच्छ रखने, नदियों में कचरा नहीं डालने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा जलीय जीवों एवं नदी के प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।

Share This Article
Leave a Comment