राधानगर थाना पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को राधानगर थाना क्षेत्र के चामाग्राम केलभेट पूर्वी उधवा दियारा के पास छापेमारी कर पुलिस ने MDMA ड्रग जैसे पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से कुल करीब 17.39 ग्राम (प्लास्टिक सहित) संदिग्ध MDMA पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक साहिबगंज को मंगलवार सुबह करीब 9:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि उधवा दियारा क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी उधवा अशिष कुमार मंडल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद गठित टीम ने चामाग्राम केलभेट पूर्वी उधवा दियारा के पास छापेमारी की। इस दौरान दोनों संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से MDMA ड्रग जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीर शेख (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय हाजी गयासुद्दीन शेख, निवासी अमानत तथा करीम शेख (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय अताउर शेख, निवासी अमानत मजीद टोला, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमीर शेख की जैकेट के बाएं पॉकेट से पारदर्शी जिप प्लास्टिक में करीब 12.38 ग्राम तथा करीम शेख की जींस पैंट के पीछे वाले पॉकेट में रखे पर्स से करीब 5.01 ग्राम संदिग्ध MDMA पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 407/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(c), 27 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में अंचलाधिकारी उधवा अशिष कुमार मंडल, राधानगर थाना प्रभारी पु०अ०नि० रोहित कुमार, पु०अ०नि० संग्राम सिंह सोय, स०अ०नि० प्रभा शंकर दुबे, सुनील कुमार मेहता एवं शशिकांत यादव सहित थाना रिजर्व गार्ड के जवान शशिभूषण सिंह, राज किशोर यादव तथा आरक्षी अनवर अंसारी शामिल थे।


