फातेह आलम तालझारी
तालझारी : सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर तालझारी प्रखंड के महाराजपुर स्थित प्रसिद्ध मोती झरना बाबा मोती नाथ धाम शिव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अंतिम सोमवारी पर पश्चिम बंगाल, बिहार सहित साहिबगंज जिले और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर शिवलिंग पर जलार्पण किया और सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु अहले सुबह महाराजपुर गंगा घाट पर स्नान करने के बाद “हर-हर महादेव” और “बोल-बम” के जयकारे लगाते हुए मोती झरना धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मोती झरना विकास समिति की ओर से सुबह करीब चार बजे ही मंदिर का पट खोल दिया गया था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश कराया गया। थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ मोती झरना विकास समिति के सदस्य भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के शिवलिंग पर जल, फूल और बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर के आसपास पूजा सामग्री की दुकानों पर भी काफी चहल-पहल रही। फूल, फल, बेलपत्र, चूड़ा, माला, मखाना सहित अन्य पूजन सामग्री की बिक्री पूरे दिन जोरदार रही। अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर से लेकर मोती झरना के मुख्य गेट तक पुलिस बल की तैनाती की गई थी। विकास समिति के सदस्य भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय रहे। समिति के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर निगरानी और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मोती झरना विकास समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा मोती नाथ धाम में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। अंतिम सोमवारी पर मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।


