समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करने पर दिया जोर
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर गुरुवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में अपर समाहर्ता विजय कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर बल दिया। साथ ही, जनगणना से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनिल कुमार, नगर परिषद साहिबगंज के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अपर समाहर्ता ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Leave a Comment Leave a Comment

