झारखंडी भाषाओं के अधिकार के लिए रांची में निकली विशाल भाषा बचाओ यात्रा

Lok Bimb
5 Min Read

नौ जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण के लिए मोर्चा ने उठाई आवाज

– हेमंत अहीर

रांची। झारखंड की जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और विकास की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी रांची में विशाल झारखंडी भाषा बचाओ यात्रा निकाली गई। जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा बचाओ मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस यात्रा में राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

मोरहाबादी मैदान के बापू वाटिका से शुरू हुई यह यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक से लालपुर चौक होते हुए भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक पहुंची। इसके बाद रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा का नेतृत्व पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने किया।

यात्रा में मुंडारी, कुड़ुख, हो, खड़िया, संताली, नागपुरी, कुड़मालि, खोरठा और पंचपरगनिया भाषा के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ भाग लिया। इस दौरान झारखंडी भाषाओं को शिक्षा और रोजगार में उचित स्थान देने की मांग उठाई गई।

मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं से जुड़ी है, लेकिन इन भाषाओं को शिक्षा व्यवस्था और सरकारी नीतियों में अभी भी पर्याप्त स्थान नहीं मिला है। उन्होंने सभी स्कूलों और कॉलेजों में झारखंडी भाषाओं की पढ़ाई शुरू करने तथा शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग की।

मोर्चा की प्रमुख मांगें

मोर्चा ने राज्य सरकार के सामने 13 सूत्री मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—

1. जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं को क्लस्टर सिस्टम से बाहर रखा जाए और सभी संचालित विषयों की पढ़ाई जारी रहे।
2. स्कूलों में झारखंडी भाषाओं के शिक्षकों के पद सृजित कर नियुक्ति की जाए।
3. केजी से पीजी तक झारखंडी भाषाओं की पढ़ाई सुनिश्चित हो।
4. प्रत्येक विश्वविद्यालय में जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के लिए अलग विभाग स्थापित किए जाएं।
5. झारखंडी भाषाओं के संरक्षण के लिए अलग बजट और राज्य भाषा नीति बनाई जाए।
6. बीएड कॉलेजों में भाषा कोटा और लैंग्वेज लैब की व्यवस्था हो।
7. विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शोध सहायता और छात्र कल्याण कोष का लाभ मिले।
8. भाषाओं के साहित्य का मानकीकरण, पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन और डिजिटल अभिलेखीकरण किया जाए।
9. सरकारी कामकाज, न्याय व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में झारखंडी भाषाओं को उचित स्थान मिले।
10. झारखंड भाषा-साहित्य अकादमी की स्थापना की जाए।
11. कुड़ुख, मुंडारी, हो, खड़िया, नागपुरी, कुड़माली, खोरठा और पंचपरगनिया को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की पहल हो।
12. जनगणना में भाषाओं के नाम और कोड से जुड़ी विसंगतियां दूर की जाएं।
13. निजी एवं केंद्रीय विद्यालयों में झारखंडी भाषाओं की पढ़ाई और भाषा फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहन दिया जाए।

यात्रा में पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की, जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, संरक्षक डॉ. हरि उरांव, डॉ. खलील अहमद, डॉ. शकुंतला मिश्रा, डॉ. वृंदावन महतो, संयोजक पप्पु कुमार महतो, डॉ. सरस्वती गगराई, डॉ. दिनेश दिनमणि, संतोष कुमार महतो, प्रियंका उरांव, बिनाधर सांडिल, सहदेव महतो, जगदीश उरांव, शकुंतला बेसरा, सह संयोजक परशुराम मानकी, सेरोफिना हेम्ब्रम, कृष्ण हेम्ब्रम, विक्की मिंज, राजू कुमार महतो राजीव , पांडुराम हाइबुरू, सुखराम उरांव, लेबियान मुंडू, डॉ. वसंत कुमार, महेंद्र शंखवार, एसिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लखींद्र मुंडा, एसिस्टेंट प्रोफेसर विद्यासागर यादव  सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

समापन कार्यक्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंडी भाषाओं की पढ़ाई, संरक्षण, शिक्षक नियुक्ति और अधिकारों से जुड़ी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि झारखंड की भाषा, संस्कृति, परंपरा और पहचान को बचाने का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने राज्य सरकार से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

Share This Article
Leave a Comment