ईचागढ़: दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को तिरूलडीह थाना परिसर में रेलवे और स्थानीय पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के मुरी-चांडिल रेलखंड के रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रेलवे ट्रैक की निगरानी तथा भीड़भाड़ के समय लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्टेशनों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है, जिससे रेलवे लाइन के आसपास दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए ट्रेनों के आवागमन के दौरान लोगों को ट्रैक पार करने से रोकने और श्रद्धालुओं को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव ने कहा कि भीड़ के बीच रेल परिचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल रहेगा। वहीं, तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में रेलवे पुलिस और स्थानीय थाने के कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
दुर्गा पूजा पर सुरक्षा को लेकर रेलवे और स्थानीय पुलिस सतर्क, तिरूलडीह थाना में हुई संयुक्त बैठक

Leave a Comment Leave a Comment

